November 26, 2026

हल्द्वानी में 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, 5 तोला सोना और 2.30 लाख रुपये बरामद

Share the Post

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी में हुई चोरी की एक घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 तोला सोने के आभूषण और 2 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 नवंबर 2026 को हल्द्वानी निवासी अतुल नागपाल ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 400/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी और सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम में कोतवाली प्रभारी रोहतास सागर और चौकी प्रभारी कृपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने मैनुअल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी आजाद नगर, चोरगलिया रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है। आरोपी पेशे से इलेक्ट्रीशियन है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए कुछ सोने के आभूषण एक अन्य व्यक्ति को दिए थे, जिसके बदले उसे 2 लाख 30 हजार रुपये मिले थे। पुलिस अब संबंधित व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) पर लेकर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए टीम को 2,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।


Share the Post