November 21, 2026

दिल्ली में उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ, सीएम धामी ने की सराहना

Share the Post

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के तहत उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक कला की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पाद प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण साधन भी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। इससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के विपणन तथा नए बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य बेहतर पैकेजिंग, आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के माध्यम से उत्तराखण्ड के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ने के साथ ही युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे सभी कारीगरों और उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन उत्तराखण्ड की आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई मजबूती देंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Share the Post