भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन आज पहुंचेंगे देहरादून:25 जगहों पर होगा पारंपरिक स्वागत; सीधे कार्यालय जाकर करेंगे कोर कमेटी की बैठक

Share the Post

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से उत्तराखंड के तीन दिवसीय मैराथन दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस प्रवास को लेकर प्रदेश भाजपा ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी कार्यक्रम प्रमुखों के साथ बैठक कर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, आज शाम देहरादून पहुंचने पर नितिन नवीन का जोरदार स्वागत किया जाएगा। पार्टी ने फैसला किया है कि 25 से ज्यादा स्थानों पर कार्यकर्ता अपनी पारंपरिक वेशभूषा में पूरे उत्साह, लेकिन सादगी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन करेंगे।

एयरपोर्ट से सीधे शुरू होगा बैठकों का दौर

नितिन नवीन के शाम 4:35 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शाम 6:15 बजे एयरपोर्ट से सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां पहुंचते ही सबसे पहले कोर कमेटी की एक अहम बैठक लेंगे। इसके तुरंत बाद राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ विशेष चर्चा करेंगे।

जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ ‘महामंथन’

दौरे का दूसरा दिन यानी 29 मई को पूरी तरह से बैठकों और सांगठनिक चर्चाओं के नाम रहेगा। दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के साथ होगी। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूड़ी के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिजनों से मिलेंगे। सुबह 11:00 बजे राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में राज्य के सभी सांसदों और विधायकों के साथ अहम बैठक होगी। दोपहर 2:00 बजे प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, जिला प्रभारी, सह-प्रभारी और जिलाध्यक्षों के साथ विस्तृत सांगठनिक चर्चा की जाएगी। शाम 4:00 बजे प्रदेश भर के मेयर, नगर पालिका और पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक होगी। देर शाम मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ संवाद कर आगे की चुनावी और मीडिया रणनीति पर मंथन होगा।

टपकेश्वर दर्शन, ग्राउंड जीरो और वापसी

तीसरे और अंतिम दिन यानी 30 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे ग्राउंड जीरो के कार्यकर्ताओं और युवाओं से जुड़ेंगे। सुबह देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजन करेंगे। फिर गढ़ी कैंट स्थित बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान करेंगे। इसके साथ ही दुर्गामल्ल मंडल की बूथ समिति 138 की बैठक में भी शामिल होंगे। सुबह 11:00 बजे सिंहनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:00 बजे मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शिरकत कर युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। शाम 4:35 बजे अपना तीन दिवसीय मैराथन प्रवास पूरा करने के बाद जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *