देहरादून। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच देहरादून जनपद में आग लगने की घटनाओं में अचानक तेजी देखने को मिली है। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले में आग लगने की 10 अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिनमें फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से सभी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
फायर एंड इमरजेंसी सर्विस के अनुसार, बीते 24 घंटों में देहरादून फायर स्टेशन को 8, सेलाकुई फायर स्टेशन को एक और त्यूणी फायर यूनिट को एक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त देहरादून फायर स्टेशन को एक रेस्क्यू काल भी मिली, जिसमें टीम ने सफलतापूर्वक राहत अभियान चलाकर स्थिति को संभाला।
सीएफओ ने लोगों से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली उपकरणों के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने, एसी, फ्रिज और अन्य उपकरणों पर ओवरलोडिंग से बचने तथा शॉर्ट सर्किट की आशंका को गंभीरता से लेने की अपील की। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 या नजदीकी फायर स्टेशन को सूचना देने को कहा है।